दुबई पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के मेंटॉर हैं। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप के प्रैक्टिस मैच के दौरान धोनी ऋषभ पंत को विकेटकीपिंग के हुनर सिखा रहे थे। 40 वर्षीय धोनी पंत के साथ काफी करीब से काम कर रहे थे। सुपर 12 शुरू होने से पहले पंत बहुत कड़ी मेहनत कर रहे हैं। धोनी ने कई आईसीसी इवेंट्स में भारत की कप्तानी की है। उनका अनुभव इस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के बहुत काम आएगा। इसके साथ ही इस अनुभवी और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर्स में शामिल धोनी कुछ गुर ऋषभ पंत और इशान किशन को भी सिखाएंगे। इससे इन दोनों युवा विकेटकीपर्स को बहुत फायदा होगा। 24 वर्षीय पंत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के दौरान बाउंड्री लाइन के बाहर सिंगल स्टंप रखकर प्रैक्टिस कर रहे थे। धोनी उन्हें अंडर-आर्म थ्रो का हुनर सिखा रहे थे। टी20 वर्ल्ड कप में पंत की भारतीय टीम में अहम भूमिका होगी। यूएई में हाल ही में समाप्त हुए वर्ल्ड कप में भी देखा गया कि इन पिचों पर स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। ऐसे में पंत को विकेट के पीछे काफी सतर्क और चपल रहना होगा। ड्रिल के बाद दोनों के बीच काफी लंबी चर्चा हुई। धोनी पंत को सिखा रहे थे कि आखिर यूएई में विकेटकीपर को अधिक समय तक जितना हो सके Low रहना चाहिए। भारत ने प्रैक्टिस मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हरा दिया। भारत ने अपने दोनों प्रैक्टिस जीत लिए हैं। भारतीय टीम का मुख्य मुकाबला पाकिस्तान से 24 अक्टूबर से होगा।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3G1ihpU