सिंधु ने देशवासियों का सीना किया गर्व से चौड़ा, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने भी दी बधाई

नई दिल्लीराष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य ने भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को रविवार को तोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई दी। रियो ओलिंपिक की रजत पदक विजेता और विश्व चैंपियन सिंधु ने रविवार को चीन की आठवीं वरीय ही बिंग जियाओ को 21-13, 21-15 से हराकर तोक्यो खेलों की महिला एकल स्पर्धा का कांस्य पदक जीता और ओलिंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, ‘पीवी सिंधु दो ओलिंपिक खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी। उन्होंने निरंतरता, समर्पण और उत्कृष्टता के नये मापदंड बना दिए। भारत को गौरवान्वित करने के लिये उन्हें मेरी बधाई।’ मोदी ने सिंधु की फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘पीवी सिंधू हम सभी आपके शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हैं। तोक्यो ओलिंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने के लिए बधाई। वह भारत का गौरव हैं और हमारे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक हैं।’ खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, ‘स्मैशिंग जीत पीवी सिंधु, मैच में आपका दबदबा रहा और आपने इतिहास रच दिया। दो बार ओलिंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनीं। भारत को आप पर गर्व है, आपकी स्वदेश वापसी का इंतजार। आपने कर दिखाया।' गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘बहुत बढ़िया खेलीं पीवी सिंधु। आपने फिर से खेल के प्रति अपनी अद्वीतीय प्रतिबद्धता और समर्पण को साबित किया। आप ऐसे ही देश का नाम रोशन करती रहें। हमें आपकी शानदार उपलब्धि पर गर्व है।’


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2WKecnW