कोलकाता पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री संसद के शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले दिल्ली पहुंच रही हैं। उनके दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दिल्ली दौरे के दौरान उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की बात सामने आ रही थी। अब खुद ममता ने ही इसकी पुष्टि कर दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के दौरान उठाए जाने वाले मसलों को लेकर भी खुलासा किया है। सीएम ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि वे दिल्ली की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। इस दौरान वे सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाने के साथ-साथ त्रिपुरा में 'व्यापक हिंसा' से संबंधित मुद्दों को उठाएंगी। ममता ने यह भी कहा कि वह त्रिपुरा में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसदों के चल रहे धरने में वे शामिल नहीं हो पाएंगी, लेकिन निश्चित रूप से उनके साथ एकजुटता व्यक्त करेंगी। शाह पर ममता ने साधा निशाना ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। सुप्रीमो ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी तक शिष्टाचार नहीं दिखाया है। उन्होंने टीएमसी सांसदों से मुलाकात नहीं की है। वे त्रिपुरा में हिंसा को लेकर उनसे मिलना चाहते हैं। उन्होंने दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान, मैं प्रधानमंत्री से मिलूंगी। राज्य से संबंधित विभिन्न मामलों के अलावा, मैं बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र को बढ़ाने के साथ-साथ त्रिपुरा हिंसा से संबंधित मुद्दों को उठाऊंगी। मानवाधिकार आयोग के रवैये पर आश्चर्य ममता बनर्जी ने आश्चर्य व्यक्त किया कि मानवाधिकार आयोग पूर्वोत्तर राज्य में बल के भारी इस्तेमाल का संज्ञान क्यों नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब और उनकी सरकार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की अवहेलना कर रहे हैं। उन्हें आम लोगों को जवाब देना होगा। मैं शीर्ष अदालत से उनकी सरकार के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की अपील करूंगी। सुप्रीम कोर्ट ने त्रिपुरा सरकार से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए किसी भी राजनीतिक दल को कानून के अनुसार अपने चुनावी अधिकारों का उपयोग करने और शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से प्रचार करने से नहीं रोका जाए। ममता अब इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही हैं।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3xoIfzX