कानपुर सलामी बल्लेबाजों विल यंग और टॉम लाथम की संयमित पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ कानपुर टेस्ट के दूसरे दिन बिना किसी विकेट के नुकसान पर 57 ओवरों में 129 रन बना लिए हैं। लाथम 165 गेंदों में 4 चौके की मदद से 50 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि यंग ने 180 गेंदों में 12 चौके की मदद से नाबाद 75 रन बनाए हैं। इससे पहले तेज गेंदबाज टिम साउदी के 5 विकेट की मदद से भारत को 345 रन पर आउट कर दिया था। पहली पारी के आधार पर भारत के पास अब भी 216 रनों की बढ़त है। कीवी बल्लेबाजों ने पगबाधा के दो फैसलों के खिलाफ डीआरएस अपील की और कामयाब रहे। दोनों ने 26 ओवर खेले और नौ चौके जमाकर रनगति भी बनाये रखी। पिच से तेज गेंदबाजों को सुबह अधिक उछाल मिली जिसकी बदौलत साउदी ने चार विकेट चटकाये। वहीं अश्विन और जडेजा जैसे स्पिनरों को टर्न नहीं मिली। इससे पहले श्रेयस अय्यर अपने पदार्पण टेस्ट में शतक जमाने वाले 16वें भारतीय बल्लेबाज बन गए लेकिन रविचंद्रन अश्विन को छोड़कर निचले क्रम के बल्लेबाज न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। अश्विन ने 56 गेंद में 38 रन बनाये। गुरुवार के स्कोर 75 रन से आगे खेलते हुए अय्यर ने 171 गेंद में 105 रन बनाये। वह अपने पहले टेस्ट में शतक जमाने वाले भारत के 16वें क्रिकेटर बन गए। इस सूची में लाला अमरनाथ, गुंडप्पा विश्वनाथ, सौरभ गांगुली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के नाम हैं। सुबह के सत्र में 81 रन बने लेकिन चार विकेट भी गिरे। यह सत्र साउदी के नाम रहा जिन्होंने 27.4 ओवर में 69 रन देकर पांच विकेट लिये। अपना 80वां टेस्ट खेल रहे साउदी 13वीं बार यह कमाल कर चुके हैं। उन्होंने सबसे पहले दूसरी नयी गेंद से रविंद्र जडेजा को आउट किया जो कल के स्कोर 50 रन पर ही लौट गए। रिधिमान साहा 12 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर अय्यर ने काइल जैमीसन को थर्डमैन पर शॉट खेलकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और दो छक्के लगाये। उनके शतक से कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे पर दबाव बनेगा क्योंकि अगले टेस्ट से नियमित कप्तान विराट कोहली वापसी करेंगे। साउदी ने कवर में विल यंग के हाथों लपकवाकर अय्यर की पारी का अंत किया। अश्विन ने अपनी पारी में पांच चौके लगाये जिसमें साउदी को कवर में जड़ा दर्शनीय चौका शामिल है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3xnWEwa