कानपुर भारतीय विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में एक रेकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया। 1946 के बाद से वह भारत के लिए टेस्ट मैच खेलने वाले सबसे उम्रदराज विकेटकीपर बन गए। यह उपलब्धि दत्ताराम हिंदलेकर के नाम है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। साहा की उम्र 37 साल 32 दिन है। उन्होंने फारुख इंजीनियर को पीछे छोड़ा जिन्होंने 36 साल 338 दिन की उम्र में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। भारत के लिए सबसे उम्रदराज विकेटकीपर का रिकॉर्ड दत्ताराम हिंदलेकर के नाम है जिन्होंने 37 साल 231 दिन की उम्र में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में ऋषभ पंत को आराम दिया है। इस वजह से साहा को मौका मिला है। साहा के साथ ही केएस भरत भी भारतीय दल का हिस्सा थे लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में नहीं चुना गया। साहा ने 2006-07 में अपना रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ मैच में 111 रन बनाए थे। इस मैच में उन्हें दीप दासगुप्ता के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था। वह बंगाल के लिए पहले ही फर्स्ट-क्लास मैच में शतक बनाने वाले 15वें खिलाड़ी बन गए थे। साहा ने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ नागपुर में डेब्यू किया। महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह भारतीय टीम का अहम हिस्सा बने। हालांकि चोट और ऋषभ पंत के करिश्मे के बाद यहां भी उनकी जगह पक्की नहीं रही। मैच की बात करें तो कानपुर टेस्ट के पहले दिन भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 258 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक श्रेयस अय्यर 75 और रविंद्र जडेजा 50 रन बनाकर नाबाद पविलियन लौटे। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जैमीसन ने तीन और टिम साउदी ने एक विकेट लिया।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3DX9rbh