नई दिल्ली पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज ने हाल ही में खुलासा किया कि भारतीय टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को पाकिस्तान में कप्तान विराट कोहली से ज्यादा पसंद किया जाता है। अख्तर ने कहा कि पाकिस्तान के लोग रोहित की ज्यादा तारीफ करते हैं और उन्हें पाकिस्तान का इंजमाम कहते हैं। पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम-उल-हक को दुनिया के सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में गिना जाता है। इंजमाम के पास गेंद खेलते हुए काफी वक्त होता था। उन्हें क्रिकेटीय भाषा में 'लेजी एलिगेंस' के लिए काफी पसंद किया जाता रहा। इसी तरह भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी गेंद को देर से खेलते हैं और उनकी बल्लेबाजी में भी वह ठहराव नजर आता है। भारत और पाकिस्तान के बीच अब पहले की तरह नियमित मुकाबले नहीं होते हैं। लेकिन क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर रोमांच में कोई कमी नहीं आई है। दोनों टीमें टी20 वर्ल्ड कप 2021 की शुरुआत इस रविवार कर रही हैं। दोनों देशों के पूर्व क्रिकेटर अपने अनुभव साझा कर रहे हैं। जी न्यूज के साथ बातचीत में रावलपिंडी एक्सप्रेस ने कहा पाकिस्तान में लोग भारतीय क्रिकेटर्स और उनकी पूरी टीम की खूब तारीफ करते हैं। 46 वर्षीय अख्तर ने यह भी कहा कि उनके देश में भारत के प्रति सकारात्मक रवैया है। अख्तर ने कहा, 'आज कोई पाकिस्तानी आपको ऐसा नहीं मिलेगा जो यह कहे कि भारत के पास अच्छी टीम नहीं है।' उन्होंने कहा, 'वे खुलकर भारत की तारीफ करते हैं। बेशक, वे मानते हैं कि विराट कोहली एक महान खिलाड़ी है लेकिन वह रोहित शर्मा को उससे भी बड़ा मानते हैं। पाकिस्तान में लोग कहते हैं, 'वह भारत का इंजमाम है।' ऋषभ पंत ने जिस तरह ऑस्ट्रेलिया में बल्लेबाजी की लोग उसकी तारीफ करते हैं। फिर सूर्यकुमार यादव है। उसकी भी तारीफ की जाती है। तो, पाकिस्तान में भारत के प्रति बहुत अच्छा नजरिया है।' अख्तर पहले भी नियमित रूप से भारत पाकिस्तान क्रिकेट की तरफदारी करते रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि उन्हें भारतीय फैंस से इतना प्यार मिलता है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3pGqwSL