लखीमपुर खीरी यूपी के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा मामले की जांच कर रही एसआईटी ने मंगलवार को घटना में शामिल रहे कुछ संदिग्ध लोगों की तस्वीरें जारी की है। जांच दल ने लोगों से इन संदिग्धों के बारे में सूचना देने की अपील की है। सूचना देने वाले लोगों को इनाम देने की घोषणा भी की गई है। गत 3 अक्टूबर को हुई इस हिंसा में चार किसानों समेत 8 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। घटना वाले दिन आशीष के काफिले में शामिल थार जीप ने किसानों को रौंद दिया था। उसके बाद भड़की भीड़ ने वाहनों में बैठे लोगों की जमकर पिटाई थी और कई गाड़ियां फूंक दी थीं। मरने वालों में दो बीजेपी कार्यकर्ता, एक पत्रकार और एक ड्राइवर भी शामिल है। यूपी सरकार ने सभी मृतकों के परिजनों को 45-45 लाख रुपये का मुआवजा दिया है। साथ ही एक परिजन को सरकारी नौकरी भी देने की घोषणा की गई है। एसआईटी ने किया था क्राइम सीन रिक्रिएट एसआईटी ने करीब 5 दिन पहले गुरुवार को आशीष मिश्रा और उनके दोस्त अंकित दास सहित चार आरोपियों की मौजूदगी में अपराध स्थल पर जाकर क्राइम सीन रिक्रिएट किया। क्राइम सीन रिक्रिएट प्रक्रिया में आशीष मिश्रा और अंकित दास के अलावा गनमैन लतीफ और ड्राइवर शेखर भारती भी शामिल रहे। एसआईटी ने तीन एसयूवी की व्यवस्था की और यह भी जाना कि कैसे तेज गति से चल रहे उन वाहनों ने उस दुर्भाग्यपूर्ण दिन किसानों को कुचल दिया था। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में होनी है सुनवाई वहीं, बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई की जाएगी। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति हिमा कोहली की एक पीठ मामले पर सुनवाई करेगी। इसी पीठ ने आठ लोगों की बर्बर हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई पर आठ अक्टूबर को असंतोष व्यक्त किया था। सीजेआई को एक पत्र लिखकर दो वकीलों ने घटना की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की थी, जिसमें सीबीआई को भी शामिल किया जाए। इसके बाद ही शीर्ष अदालत ने मामले पर सुनवाई शुरू की।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3phMUl6