दुबई भारत की मेजबानी में वर्ल्ड टी-20 का आगाज हो चुका है। ओमान-यूएई में खेले जा रहे टूर्नामेंट में फिलहाल क्वालिफिकेशन राउंड जारी है। पहले से क्वालीफाई कर चुकी टीमें प्रैक्टिस मैच खेल रहीं हैं। 24 अक्टूबर को एक-दूसरे से भिड़ने से पहले भारत-पाकिस्तान की टीम भी अपनी तैयारियां पुख्ता करने में लगी है। ऐसे ही एक वॉर्मअप मैच में कैमरे ने वो रिकॉर्ड कर लिया, जिसे देखकर किसी की भी हंसी छूट जाएगी। दरअसल, सोमवार को पाकिस्तान ने मौजूदा चैंपियन वेस्टइंडीज को सात विकेट से हराया। इस जीत में कप्तान बाबर आजम का बल्ला जमकर बोला। शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए उन्होंने 41 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। बल्ला चलाने से पहले उनकी जुबान भी जमकर चल रही थी, तभी तो उन्होंने अपने ही टीममेट को बीच मैच में ट्रोल कर दिया। यह मजेदार घटना पहली पारी के पहले ओवर की है, जब वेस्टइंडीज की टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी कर रही थी। शाहीन शाह अफरीदी की दूसरी गेंद पर लेंडल सिमंस ने तेजी से एक रन चुरा लिया। उपकप्तान शादाब खान ने जरूर डाइव मारते हुए डायरेक्ट थ्रो किया, लेकिन रन आउट नहीं कर पाए, जिसके बाद बाबर ने शादाब खान से कहा, ‘बुड्ढा हो गया तू, बुड्ढा हो गया तू, जवानी विच तेरा रन आउट से (जवानी में ही तू रन आउट हो गया) अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस अलग-अलग मीम्स बनाकर शादाब खान और बाबर आजम के मजे रहे हैं। लाहौर में जन्में बाबर ने पंजाबी में जिन शादाब खान को बूढ़ा बताया उनकी उम्र सिर्फ 23 साल है।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3lT4bib