खट्टर के आलोचकों का मुंह होगा बंद? पीएम मोदी ने की सीएम की तारीफ, हरियाणा के प्रयोगों से केंद्र तक लेता है सबक

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रशंसा की। कहा कि राज्य को उनके (खट्टर के) नेतृत्व में कई दशक बाद ऐसी सरकार मिली जो पूरी ईमानदारी के साथ काम करती है। पीएम ने कहा कि इस सरकार का आंकलन बीते पांच दशक में सर्वश्रेष्ठ सरकार के रूप में किया जाएगा। मोदी की तरह ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक रहने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आए खट्टर के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन्हें कई वर्षों से जानते हैं। मोदी बोले कि खट्टर की प्रतिभा मुख्यमंत्री के रूप में सामने आई है। उन्होंने समर्पण और नवाचार के साथ इस तरह काम किया कि हरियाणा सरकार के कार्यक्रमों के कुछ मॉडल केंद्र सरकार ने भी अपनाए। आमतौर पर चर्चा में कम रहने वाले मुख्यमंत्री खट्टर की प्रधानमंत्री की ओर से सार्वजनिक रूप से प्रशंसा ऐसे समय की गई जब भाजपा के नेतृत्व ने तीन मुख्यमंत्रियों (उत्तराखंड में दो, गुजरात में एक) को हटाने का निर्णय लिया गया। इन कदमों के बाद पार्टी शासित अन्य राज्यों में मुख्यमंत्रियों के भविष्य को लेकर अटकलें लगने लगी थीं। प्रधानमंत्री के खट्टर की प्रशंसा करने के बाद पार्टी के भीतर उनके आलोचकों के मुंह बंद हो जाएंगे और मुख्यमंत्री का मनोबल मजबूत होगा। एम्स के झज्जर परिसर में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (NCI) में इंफोसिस फाउंडेशन विश्राम सदन के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने भाजपा नेता के रूप में हरियाणा में कई वर्षों तक काम किया। कई राज्य सरकारों को काम करते करीब से देखा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कई दशकों बाद मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में हरियाणा को एक ऐसी सरकार मिली जो पूरी ईमानदारी से काम करती है। राज्य को ऐसी सरकार मिली है जो दिन-रात राज्य के उज्ज्वल भविष्य के बारे में सोचती है।’ मोदी ने कहा कि मीडिया ने इस सकारात्मक और रचनात्मक विषय की ओर अधिक ध्यान नहीं दिया लेकिन जब भी कभी आकलन किया जाएगा तो उनकी सरकार सर्वश्रेष्ठ मानी जाएगी। उन्होंने खट्टर सरकार के नवोन्मेषी रुख और दूरदर्शिता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि खट्टर के नेतृत्व में ‘भाजपा की टीम’ ने अपने दीर्घकालिक विचारों के साथ हरियाणा की नींव रखी है और यह राज्य के लिए एक बड़ी ताकत होगी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘हरियाणा की प्रगति के लिए खट्टर और उनकी टीम द्वारा किए जा रहे जन हितैषी कार्यों को आगामी वक्त याद रखेगा।’


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3jptLtL