लखनऊकांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को लखनऊ में थीं। यहां उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऐलान किया कि आगामी यूपी चुनावों में कांग्रेस 40 फीसद महिलाओं को टिकट देगी। प्रियंका की इस घोषणा पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन पर निशाना साधा है। मायावती ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा कांग्रेस की कोरी चुनावी नाटकबाजी है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार ने आधी आबादी के कल्याण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए। कांग्रेस अगर महिलाओं को वाजिब भागीदारी देना चाहती थी तो उसने अपने शासनकाल में संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून क्यों नहीं बनाया। कांग्रेस जब सत्ता में होती है व उसके अच्छे दिन होते हैं तो उसे दलित, पिछड़े व महिलाएं आदि की याद नहीं आती, किंतु अब जब इनके बुरे दिन नहीं हट रहे हैं तो पंजाब में दलित की तरह यूपी में इनको महिलाएं याद आई हैं। उन्हें 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा कांग्रेस की कोरी चुनावी नाटकबाजी है। 'कहना कुछ और करना कुछ कांग्रेस की आदत' बसपा मुखिया ने कहा कि महिलाओं के प्रति कांग्रेस की चिंता अगर इतनी ही वाजिब व ईमानदार होती तो केंद्र में उसकी सरकार ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून क्यों नहीं बनाया? कहना कुछ और करना कुछ कांग्रेस का स्वभाव है, जो उसकी नीयत व नीति पर प्रश्नचिन्ह खड़े करता है। मायावती ने कहा, यूपी व देश में महिलाओं की आधी आबादी है। इनका हित व कल्याण ही नहीं बल्कि इनकी सुरक्षा, आदर-सम्मान के प्रति ठोस व ईमानदार प्रयास सतत् प्रक्रिया है, जिसके प्रति मजबूत इच्छाशक्ति जरूरी है जो कांग्रेस व बीजेपी आदि में देखने को नहीं मिलती है जबकि बसपा ने ऐसा करके दिखा दिया है।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3vqwwj6