शाकिब अल हसन ने तोड़ा शाहिद अफरीदी का बड़ा रेकॉर्ड, बने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

शारजाह बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। रविवार को शारजाह क्रिकेट ग्राउंड पर बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। अफरीदी के नाम टी20 वर्ल्ड कप में कुल 39 विकेट थे। शाकिब ने निसांका को आउट करके अफरीदी को पीछे छोड़ा। उन्होंने निसांका को बोल्ड कर दिया। शाकिब ने गेंद की रफ्तार को धीमा किया। निसांका ने गेंद को स्लॉगस्वीप करने की कोशिश की। वह पूरी तरह चूक गए। गेंद नीची रही और उनके बल्ले को छकाती हुई विकेटों से जा लगी। निसांका ने 21 गेंद पर 24 रन बनाए। इसके साथ ही शाकिब ने अफरीदी को पीछे छोड़ दिया। इसी ओवर में शाकिब ने एक ओवर विकेट लिया। इस बार उनका शिकार बने अविष्का फर्नांडो। बाएं हाथ के इस स्पिनर की गेंद इस बार भी जाकर विकेटों से टकराई। विकेट धीमा है और परिस्थितियां बांग्लादेश के इस बोलर को खूब रास आ रही हैं। इस बार शाकिब ने रफ्तार बढ़ा दी थी। इससे पहले की दो गेंद पर कोई रन नहीं बना था। अविष्का पर रन बनाने का दबाव था। शाकिब ने गेंद को मिडल और लेग स्टंप पर तेज फेंका। जब तक बल्ला नीचे आता गेंद विकेटों से टकरा चुकी थी। बांग्लादेश की टीम को सुपर 12 में सीधी एंट्री नहीं मिली थी। उसे क्वॉलिफायर खेलकर आना पड़ा था। वहां हालांकि उसे अपने पहले मैच में स्कॉटलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन शाकिब ने गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने क्वॉलिफायर मुकाबलों में नौ विकेट लिए थे। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बांग्लादेश ने मोहम्मद नईम और मुशफिकुर रहीम की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत चार विकेट पर 171 रन का मजबूत स्कोर बनाया। टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा हैं। उन्होंने 38 विकेट लिए। वहीं पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सईद अजमल के नाम कुल 36 विकेट हैं।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3nlBz0B