अफगानिस्तान के निर्माण में 20 सालों में भारत ने जो किया उस पर न फिरे पानी... जी-20 में पीएम मोदी की अपील

नई दिल्‍ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अफगानिस्तान में जारी संकट पर चिंता जाहिर की है। फिर कहा है कि उसकी जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद के लिए नहीं हो। पीएम मोदी बुधवार को जी-20 देशों की मीटिंग को वर्चुअल तरीके से संबोधित कर रहे थे। दुनिया के सबसे ताकतवर 20 देशों के समूह जी-20 की यह असाधारण मीटिंग खास तौर से अफगानिस्तान के हालात पर चर्चा के लिए ही बुलाई गई थी। मीटिंग का आयोजन इटली की ओर से किया गया था। इसके पास अभी समूह देशों की प्रेसीडेंसी है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मीटिंग में बताया कि किस तरह पिछले दो दशकों से अफगानिस्तान के सर्वांगीण विकास में भारत ने अहम भूमिका निभाई। बताया कि किस तरह वहां की सामाजिक-आर्थिक दशा को बदलने के लिए 500 से अधिक प्रोजेक्ट को भारत की मदद से पूरा किया गया। इससे वहां के युवाओं और महिलाआं की हालात में सुधार भी आए। उन्‍होंने कहा कि इन कोशिशों से भारत और अफगानिस्तान के लोगों के बीच एक खास मित्रता की भावना बनी। ऐसे में अभी वहां मानवीय त्रासदी और भुखमरी से पूरा भारत दुखी है। पीएम ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह इस संकट में अफगानिस्तान के जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ा हो। हालांकि, इसके साथ ही पीएम मोदी ने विश्व के सामने पैदा हुए खतरों से आगाह भी किया। कहा कि कट्टरवाद,आतंकवाद और ड्रग-हथियार तस्करी के उपजे खतरे से भी मिलकर लड़ना होगा। सभी को मिलकर तय करना होगा कि अफगानिस्तान में समावेशी सरकार बने और वहां भारत की ओर से पिछले दो दशकों में किए गए वृहद योगदान का लाभ लोगों को मिलता रहे। उन्होंने खास तौर से वहां के अल्पसंख्यकों के हालात पर भी चिंता जताई। पीएम मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय और जी-20 के देश एकीकृत पहल कर अफगानिस्तान की हालात में सुधार ला सकते हैं।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3v6Gu9h