100 करोड़ टीके पर इधर जश्न उधर कांग्रेस में घमासान, शशि थरूर ने दिया श्रेय तो पवन खेड़ा ने बताया अपमान

नई दिल्ली देश में कोरोना वैक्‍सीनेशन का शतक लगने पर भाजपा में जश्‍न का माहौल है। वहीं, इसे लेकर कांग्रेस में घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने गुरुवार को कहा कि देश में कोरोना वैक्‍सीन डोज की संख्या 100 करोड़ के पार होने का श्रेय केंद्र सरकार को दिया जाना चाहिए। वहीं, उनकी ही पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस पर कहा कि सरकार को श्रेय देना उन लाखों परिवारों का अपमान है जिन्हें महामारी के दौरान 'कुप्रबंधन' के कारण पीड़ा झेलनी पड़ी। देश में कोरोना वैक्‍सीन डोज का आंकड़ा गुरुवार को 100 करोड़ को पार कर गया। देश में वैक्‍सीनेशन मुहिम की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी। लोकसभा सदस्य थरूर ने इस पर ट्वीट किया, ‘यह सभी भारतीय नागरिकों के लिए गर्व का विषय है। सरकार को इसका श्रेय देते हैं।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘कोविड महामारी की दूसरी लहर के दौरान भीषण कुप्रबंधन और टीकों का ऑर्डर देने में विलंब के बाद सरकार अब आंशिक रूप से क्षतिपूर्ति कर पाई है। वह अपनी पहले की विफलताओं के लिए जवाबदेह है।’ थरूर के ट्वीट के जवाब में खेड़ा ने कहा, ‘सरकार को श्रेय देना उन लाखों परिवारों का अपमान है जिन्हें कोविड महामारी के कुप्रबंधन के कारण पीड़ा झेलनी पड़ी और इसके असर के चलते वो अब भी पीड़ा बर्दाश्त रहे हैं।’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘श्रेय लेने से पहले प्रधानमंत्री को इन परिवारों से माफी मांगनी चाहिए। इसका श्रेय वैज्ञानिकों और चिकित्सा बिरादरी को जाता है।’


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3m2PDN8