TMC ने जब केंद्रीय मंत्री को बताया 'बांग्लादेशी', राज्यसभा में जमकर हुआ हंगामा.. खड़गे ने भी कह दी ये बात

नई दिल्ली मॉनसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब तृणमूल कांग्रेस ने हाल ही में मोदी कैबिनेट में शामिल किए गए पश्चिम बंगाल के एक सांसद को सोमवार को कथित तौर पर 'बांग्लादेशी' बताया। इस बारे में सरकार से स्पष्टीकरण की भी मांग की गई। इस मुद्दे पर हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दो बार के स्थगन के बाद दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर रॉय ने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मंत्रिपरिषद के जिन सहयोगियों की सूची आज सदन के पटल पर रखी है उनमें एक राज्यमंत्री कथित तौर पर बांग्लादेशी हैं। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में एक नोटिस दिया है। खड़गे ने कहा वह बांग्लादेशी हैं या नहीं, यह जानने को मुझे पूरा अधिकार है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध किया। सदन के नेता पीयूष गोयल ने विपक्षी सदस्यों के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और इसमें सच्चाई नहीं होने का दावा करते हुए उपसभापति हरिवंश से इसे सदन की कार्यवाही से बाहर निकालने का आग्रह किया। उन्होंने कहा जिस प्रकार की बेबुनियाद बातें सदन में रखने की कोशिश की जा रही है, उसकी हम घोर निंदा करते हैं। इसमें सत्यता नहीं है। उन्होंने विपक्षी सदस्यों पर समाज के एक वर्ग विशेष को अपमानित करने का आरोप लगाया और उपसभापति से विपक्षी सदस्यों द्वारा उठाए गए विषय को कार्यवाही में शामिल नहीं करने का अनुरोध किया। इसके जवाब में उपसभापति हरिवंश ने कहा इसका परीक्षण किया जाएगा। वहीं संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन लोकसभा में भी जमकर हंगामा देखने को मिला। विपक्ष के हंगामे के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मंत्रिपरिषद के नये सदस्यों का परिचय नहीं करा सके। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्यों की नारेबाजी जारी रहने के कारण सदन की बैठक को एक बार के स्थगन के बाद 3:30 बजे तक के लिए दोबारा स्थगित कर दिया गया।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3isR0BE