कोरोना पर होने वाली सर्वदलीय बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे कांग्रेस और अकाली दल

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को सर्वदलीय बैठक में देश में कोरोना महामारी की स्थिति पर चर्चा करेंगे। संसद भवन एनेक्सी में होने वाली इस बैठक में पीएम मोदी की मौजूदगी में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने प्रेजेंटेशन देंगे। हालांकि, मुख्य विपक्षी कांग्रेस भी इसमें शामिल नहीं होगी। आम आदमी पार्टी और अकाली दल ने भी इस बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया है। मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने कहा है कि वह सरकार की तरफ से सभी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स (सदन में पार्टी के नेता) की मीटिंग में हिस्सा नहीं लेगी। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस बैठक का बहिष्कार नहीं कर रही है लेकिन वह इसमें हिस्सा नहीं लेगी। वह चाहती है कि सरकार संसद के दोनों सदनों में कोरोना पर तथ्य रखे। सत्ताधारी बीजेपी का पूर्व सहयोगी अकाली दल भी बैठक में हिस्सा नहीं लेगा। पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने यह ऐलान किया। अकाल दल का कहना है कि जबतक कृषि कानूनों और किसान आंदोलन को लेकर मीटिंग नहीं होगी तबतक वह प्रधानमंत्री के साथ किसी भी मीटिंग में हिस्सा नहीं लेंगे। आम आदमी पार्टी ने भी सर्वदलीय बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया, 'आम आदमी पार्टी PM की बैठक में नहीं शामिल होगी। किसानों के मुद्दे का समाधान पहले चाहिए प्रधानमंत्री जी, कोरोना महामारी में पूरे देश ने दर्द सहन किया है जब लोगों का जीवन बचाने की जरूरत थी आप रैलियों में व्यस्त थे, अब रस्म अदायगी क्यों?' सरकार ने कोविड मैनेजमेंट को लेकर संसद के दोनों सदनों में सभी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स की मीटिंग बुलाई है। उम्मीद की जा रही है कि मीटिंग में प्रधानमंत्री की मौजूदगी में स्वास्थ्य सचिव कोविड मैनेजमेंट पर प्रेजेंटेशन देंगे।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/36N2ESD