साइकिलिस्टों के लिए वरदान साबित हुआ ये फैसला, खुशी की लहर

तोक्यो तोक्यो ओलंपिक 2020 के आयोजकों ने बजट में कटौती के लिये साइकिलिंग प्रतियोगिताएं शहर से ढाई घंटे दूर इजु में कराने का फैसला लिया था तो किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि कोरोना महामारी के बीच यह साइकिलिस्टों के लिये वरदान साबित होगा। आयोजकों ने पहले 10 करोड़ डॉलर की लागत से शहर के बीचोंबीच वेलोड्रोम बनाने का फैसला लिया था ताकि साइकिलिस्ट भी खेलों के इस महासमर का पूरा मजा ले सकें। दूसरे खेल देख सकें, खेलगांव में रह सकें। इसके बाद लागत में कटौती के लिये उन्होंने तोक्यो से दक्षिण पश्चिम ढाई घंटे की दूरी पर स्थित इजु में साइकिलिंग स्पर्धा कराने का फैसला किया जहां वेलोड्रोम पहले ही से है । यह सब कोरोना महाामारी से पहले की बात है। पहले जहां साइकिलिस्ट इस फैसले से नाराज थे, वहीं उनके लिये अब यह वरदान बन गया है । विश्व रिकॉर्ड धारी अमेरिकी टीम की सदस्य जेनिफर वालेंटे ने कहा ,‘कोरोना से पहले ही हमारा कार्यक्रम अलग होने वाला था क्योंकि हम तोक्यो से काफी दूर रहने वाले थे। हम एक सैटेलाइट गांव में हैं जहां सिर्फ साइकिलिस्ट हैं।’ इससे पहले लंदन और रियो ओलंपिक में वेलोड्रोम मुख्य आयोजन स्थल पर ही बनाये गए थे । कनाडा के माइकल वुड्स ने कहा ,‘मैं टूर दे फ्रांस से सीधे यहां आया हूं। मैं ऐसे होटल में रूका हूं जिसमें सिर्फ साइकिलिस्ट हैं। मुझे ऐसा लग रहा है कि टूर दे फ्रांस साइकिलिंग बबल से एक और साइकिलिंग बबल में आ गया हूं ।’


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3kJmlD9