नई दिल्ली दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट से कहा कि उसने किसानों के प्रदर्शन से जुड़ी ‘टूलकिट’ साझा करने के मामले में गिरफ्तार ऐक्टिविस्ट दिशा रवि के मामले की जांच से जुड़ी कोई भी जानकारी मीडिया में लीक नहीं की है। दरअसल ऐक्टिविस्ट ने अदालत में याचिका दायर कर अनुरोध किया है कि पुलिस को उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर से जुड़ी जांच की कोई भी सामग्री मीडिया में लीक करने से रोका जाए। दिल्ली पुलिस की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह की बेंच के सामने कहा कि जांच से जुड़ी कोई भी जानकारी मीडिया में लीक नहीं है। अदालत ने पुलिस को यह हलफनामा दाखिल करने को कहा कि उसने मीडिया को जांच से संबंधित कोई भी सामग्री लीक नहीं की है। सुनवाई के दौरान, नैशनल ब्रॉडकास्ट स्टैंडर्ड अथॉरिटी ( एनबीएसए) और कुछ मीडिया घरानों के वकील उपस्थित नहीं थे जिनके नाम याचिका में लिए गए हैं। इसके बाद अदालत ने उन्हें नोटिस जारी करते हुए कहा कि मामले पर आगे की सुनवाई शुक्रवार को की जाएगी। दिशा रवि ने अपनी याचिका में मीडिया को उनकी वॉट्सऐप पर हुई बातचीत या अन्य चीजें प्रकाशित करने से रोकने का भी अनुरोध किया गया है। ऐक्टिविस्ट ने अपनी याचिका में कहा कि वह ‘पूर्वाग्रह से ग्रसित उनकी गिरफ्तारी और मीडिया ट्रायल से काफी दुखी हैं, जहां उन पर प्रतिवादी 1 (पुलिस) और कई मीडिया घरानों की ओर से स्पष्ट रूप से हमला किया जा रहा है।’ दिशा रवि ने यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की तरफ से 13 फरवरी को बेंगलुरु से उनको गिरफ्तार किया जाना ‘पूरी तरह से गैरकानूनी और निराधार था।’ उन्होंने दलील दी कि मौजूदा परिस्थितियों में इस बात की ‘काफी आशंका’ है कि आम जनता इन खबरों से याचिकाकर्ता को दोषी मान ले। याचिका में कहा, ‘इन परिस्थितियों में, और प्रतिवादी को उनकी निजता, उनकी प्रतिष्ठा और निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का उल्लंघन करने से रोकने के लिए, याचिकाकर्ता वर्तमान याचिका को आगे बढ़ा रही है।’ याचिका में आरोप लगाया गया है कि जांच से जुड़ी सामग्री मीडिया में लीक की जा रही है और पुलिस की तरफ से किए जा रहे प्रेस कॉन्फ्रेंस ‘पूर्वाग्रह से ग्रसित’ और ‘उनके निष्पक्ष सुनवाई और उनके निर्दोष होने की संभावना के अधिकार का उल्लंघन करता है।’ दरअसल, क्लाइमेट ऐक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने किसानों के आंदोलन का समर्थन करने वाले ‘टूलकिट गूगल डॉक्यूमेंट’ को साझा किया था। ‘टूलकिट’ की जांच कर रही दिल्ली पुलिस ने बेंगलुरु की ऐक्टिविस्ट दिशा रवि को गिरफ्तार किया है, जबकि मुंबई की वकील जैकब और पुणे के इंजीनियर शांतनु मुलुक को अदालत ने अग्रिम जमानत दे दी है।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3s7wEBs