नई दिल्ली देश में कोरोना के मामलों में पिछले एक सप्ताह में फिर से तेजी देखने को मिल रही है। कोरोना के नए स्ट्रेन ने चिंता बढ़ा दी है। देश में पिछले एक सप्ताह में कोरोना के मामलों में 31 परसेंट की बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 14,199 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1.10 करोड़ से ज्यादा हो गई। वहीं, लगातार पांचवें दिन इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। आंकड़ों के अनुसार नए मामलों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,10,05,850 हो गई है। वहीं संक्रमण से 83 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,56,385 हो गई है। महाराष्ट्र में साप्ताहिक मामलों में 81 परसेंट बढ़ोतरी देश में पिछले एक सप्ताह में कोरोना के मामलों में 31 परसेंट की बढ़ोतरी हुई है। पिछले एक सप्ताह में (15-21 फरवरी) एक लाख 990 मामले सामने आए है। इनमें से सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। महाराष्ट्र में साप्ताहिक आधार पर मामलों में 81 परसेंट की बढ़ोतरी हुई है। देश में लेटेस्ट दस लाख मामले पिछले 65 दिनों में सामने आए हैं। इससे पहले 10 लाख मामले सामने आने में महज 29 दिन लगे थे। 97.22 फीसदी पहुंची लोगों के स्वस्थ होने की दर देश में संक्रमण से अब तक 1,06,99,410 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने की दर 97.22 फीसदी है। वहीं, मृत्यु दर 1.42 फीसदी है। आँकड़ों के अनुसार, देश में अभी कोविड-19 का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या बढ़कर 1,50,055 हो गई, जो कि कुल मामलों का 1.36 फीसदी है। भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख के आंकड़े को पार कर गए थे, जबकि 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख का आँकड़ा पार किया था। 19 दिसंबर को 1 करोड़ से अधिक हुए थे मामले 28 सितंबर को यह 60 लाख के पार चला गया, जबकि 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ का आंकड़ा पार किया था। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, 21 फरवरी तक देशभर में कुल 21,15,51,746 नमूनों की जांच हुई, जिनमें से 6,20,216 नमूनों की जांच रविवार को हुई।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3btnrfR