प्रयागराज: IFFCO प्लांट में बड़ा हादसा, गैस रिसाव से 2 अफसरों की मौत, कई बीमार

आनंदराज, प्रयागराज यूपी के प्रयागराज में इफको (IFFCO Plant Gas Leakage) के प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है। यूरिया बनाने वाले प्लांट में देर रात हुए अमोनिया गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दो अफसरों की मौत हो गई है। गैस रिसाव की चपेट में आकर दो दर्जन कर्मचारी बीमार हो गए हैं। इन सभी को अस्पाल में भर्ती कराया गया है। गैस रिसाव का शिकार हुए कर्मचारियों में 15 की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस हादसे में प्लांट के असिस्टेंट मैनेजर बीपी सिंह और डेप्युटी मैनेजर अभिनंदन की मौत हो गई है। नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे 100 कर्मचारी आपको बता दें जिस वक्त गैस रिसाव हुआ उस समय 100 कर्मचारी प्लांट में काम कर रहे थे। अचानक हुए गैस रिसाव के बाद कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। अमोनिया की चपेट में आकर कई कर्मचारी वहीं गिरकर तड़पने लगे। आनन-फानन में मेडिकल टीम ने सभी को अस्पताल इलाज के लिए भेजा। एशिया लेवल की यूरिया उत्पादन कंपनी है IFFCO प्रयागराज के जिलाधिकारी कार्यालय से महज 40 किलोमीटर दूर फूलपुर में इफको (इंडियन फार्मर्स ऐंड फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड) का प्लांट है। यह कंपनी एशिया की चुनिंदा कंपनियों में गिनी जाती है । मंगलवार देर रात तकरीबन 12 बजे कंपनी में काम चल रहा था। इसी दौरान ही अमोनिया गैस का रिसाव होना शुरू हुआ। कंपनी में नाइट शिफ्ट में तकरीबन 100 कर्मचारी और कई अधिकारी ड्यूटी पर थे। पढ़ें: पंप लीकेज से हादसे की आशंका घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हादसे की जांच में जुट गए हैं। लीकेज की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। फिर भी यह अनुमान लगाया जा रहा है की प्लांट के किसी पंप से लीकेज की वजह से हादसा हुआ है। इस घटना में लापरवाही की भी बात सामने आ रही है। फिलहाल अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं। इफको के पीआरओ (जन संपर्क अधिकारी) विश्वजीत ने हादसे दो अफसरों की मौत की पुष्टि की है। दो साल में 5 बार हो चुकी हैं लीकेज की घटनाएं प्रयागराज के फूलपुर इलाके में स्थित इफको प्लांट में गैस लीकेज का यह पहला वाकया नहीं है। ऐसा बताया जा रहा है कि पिछले 2 साल में 5 बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि प्लांट के कर्मचारियों और अधिकारियों ने उस समय हालात पर काबू पा लिया था और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई थी। लेकिन मंगलवार की देर रात हुई घटना में दो अधिकारियों को लीकेज की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी। कई कर्मचारी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। मौके पर पहुंची जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने घायलों को अलग-अलग हॉस्पिटल में ऐडमिट कराया है। एहतियातन कंपनी के दो प्लांट बंद करवा दिए गए हैं।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/38vHTLA