47.5 डिग्री के साथ देश में सबसे गर्म रहा ये शहर

राजस्थान में भीषण गर्मी (Rajasthan me garmi ka Sitam) का सितम बढ़ने लगा है। नौतपा के पहले ही दिन चूरू में रिकॉर्ड गर्मी (Churu Records 47.5 Temprature) दर्ज हुई है। यहां मौसम विभाग ने 47.5 डिग्री तापमान दर्ज किया है। ईराक के तुज शहर के बाद राजस्थान का चूरू दुनिया में दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। ईराक के तुज में सोमवार 50.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। देश में सबसे गर्म इलाकों में चूरू रहा, इसके बाद 47.4 डिग्री के साथ महाराष्ट्र का अकोला देश का दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा।

चूरू में भीषण गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पारा लगातार चढ़ रहा है जिसकी वजह से आमजन का हाल बेहाल हो रहे हैं। स्थिति यह है कि सोमवार को सुबह 8 बजे ही यहां गर्म हवाओं से पारा 35 डिग्री पहुंच गया। आसमान से बरस रही 'आग' की बदौलत 11 बजे तक पारा 45 डिग्री को पार कर गया। सूरज की बढ़ती तपिश और लू के गर्म थपेड़ों के बीच सड़कों पर 'गर्मी का कर्फ्यू' लग गया।

चूरू में तापमान पिछले करीब एक हफ्ते से लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है और आसमान से बरसती आग ने सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज धूप और तन को झुलसाने वाली गर्म हवाओं के थपेड़ों के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। दिन भर तपते सूरज और गरम हवाओं के चलते बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा।

सोमवार से नौतपा शुरू होने के साथ ही सूरज की तपन बढ़ने लगी है। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही नौतपा शुरू होता है। इस नक्षत्र में सूर्य के रहते 9 दिन तक तेज गर्मी पड़ती है। पिछले साल नौतपा के दौरान चूरू का तापमान 50 डिग्री के पार पहुंच गया था। इस बार भी नौतपा के पहले ही दिन पारा 47.5 डिग्री तक चढ़ गया। मौसम विभाग की मानें तो अभी यहां आगामी दिनों में ना केवल गर्मी बढ़ेगी बल्कि सीरियस हीट वेव भी चलेगी।

कोटा जिले में भी भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया। खुले आसमां के नीचे काम करने वाले मजदूरों के हाल बुरे रहे। सूरज की तपिश से कोटा में दोपहर 2:30 बजे अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। नौतपा शुरू होने के साथ ही पूरा जिला भीषण गर्मी की चपेट में आ गया। 8 जून तक नौतपा रहेगा। वहीं मौसम विभाग ने कोटा जिले में हीट वेव की स्थिति को देखते हुए 26 मई तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोग गर्मी के बचाव को लेकर बार-बार पानी पी रहे हैं। सड़कों पर मजबूरी में निकलने वाले लोग मुंह पर गमछा और कपड़ा लपेट कर बाहर निकल रहे हैं।



from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/2TEFc3F