रूस का लूना चांद पर क्रैश, ISRO ने बताया चंद्रयान-3 के लैंडिंग का सटीक समय

नई दिल्ली: चांद पर उतरने जा रहे चंद्रयान-3 के लैंडिंग का सटीक समय पता चल गया है। इसरो ने आज दोपहर 2.12 बजे ट्वीट कर बताया कि चंद्रयान-3 आने वाले 23 अगस्त की शाम करीब 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा पर लैंड करने को तैयार है। इसरो ने शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है। यह खबर ऐसे समय में आई, जब कुछ मिनट पहले ही रूस के स्पेसक्राफ्ट लूना-25 के क्रैश होने की सूचना मिलने से दुनियाभर में निराशा का माहौल पैदा हो गया। भारत में लोग इसरो के चंद्रयान-3 मिशन के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। आज इसरो ने लैंडिंग के सीधा प्रसारण का लिंक भी शेयर किया है। जी हां, आप भी इस लिंक https://www.youtube.com/watch?v=DLA_64yz8Ss पर जाकर चांद पर भारत के पहुंचने की ऐतिहासिक घटना के साक्षी बन सकते हैं। इसरो ने एक बयान में कहा कि स्पेस में खोज की दिशा में अपने चंद्रयान-3 मिशन के साथ भारत एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंच चुका है। देश चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए तैयार है। यह उपलब्धि भारतीय साइंस, इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी और उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही यह अंतरिक्ष अन्वेषण में हमारे देश की प्रगति को दर्शाता है। इसरो ने बताया है कि जिस पल का देश बेसब्री से इंतजार कर रहा है, उसका लाइव प्रसारण 23 अगस्त 2023 को शाम 5.27 बजे से किया जाएगा। इसे इसरो की वेबसाइट, यूट्यूब, फेसबुक पेज और डीडी नेशनल चैनल सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा। इसरो ने कहा है कि चांद पर उतरना एक ऐसा क्षण होगा जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाएगा बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण (खोज) के लिए जुनून और उत्साह भी जगाएगा। यह गर्व की भावना पैदा करता है क्योंकि हम सामूहिक रूप से भारतीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी के कौशल का जश्न मनाते हैं।

from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News https://ift.tt/ajZ7bCX