सोमवार को जब आउट होकर जा रहे थे तो कॉमेंटेटर ने कहा, 'अगर शार्दुल रन नहीं बनाएंगे तो टीम में उनकी जगह पर सवाल उठने लगेंगे। वह टीम में इसलिए हैं क्योंकि वह निचले क्रम में रन बना सकते हैं। लेकिन आपको अगर सिर्फ गेंदबाज चुनना होगा तो आपके पास इशांत शर्मा और उमेश यादव मौजूद हैं।' लेकिन दूसरे दिन उन्होंने अपनी गेंदबाजी से वह कमाल किया कि रिकॉर्ड बन गया। वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की ओर से सबसे शानदार गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी बन गए। शार्दुल ठाकुर ने वॉन्ड्रर्स स्टेडियम पर कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच के दूसरे दिन कमाल का खेल दिखाते हुए 61 रन देकर सात विकेट लिए। यह एक रिकॉर्ड है। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ा। अश्विन ने नागपुर में 2015 में 66 रन देकर 7 विकेट लिए थे। इसके साथ ही यह जोहान्सबर्ग में किसी भारतीय गेंदबाज का भी बेस्ट प्रदर्शन है। 1992 में अनिल कुंबले ने यहां 53 रन देकर छह विकेट लिए थे। दूसरा दिन साउथ अफ्रीका लंच से पहले थोड़ा मजबूत नजर आ रही थी। कप्तान डीन एल्गर और कीगन पीटरसन ने भले ही तेजी से रन न बटोरे हों लेकिन उन्होंने भारतीय गेंदबाजों को विकेट से महरूम रखा। केएल राहुल सब आजमा रहे थे। और उन्होंने गेंद थमाई शार्दुल ठाकुर को। ठाकुर, जो टीम के गेंदबाजी आक्रमण में सबसे कम धारदार माने जा रहे थे। पर शायद इसी का उन्हें फायदा मिला। शार्दुल का पहला शिकार एल्गर ठाकुर ने बैक ऑफ लेंथ गेंद फेंकी। लगातार। बल्लेबाज को ललचाते हुए। वह बल्लेबाज का संयम परख रहे थे। आखिर एल्गर चूके। उन्होंने एक गेंद पर बल्ला अड़ा दिया। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और विकेट के पीछे ऋषभ पंत ने कोई गलती नहीं की। पीटरसन भी गए कीगन पीटरसन ने काफी धैर्य दिखाया था। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स भी लगाए। लेकिन वह भी शार्दुल के सामने धैर्य नहीं रख पाए। शार्दुल की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर थी। पीटरसन ने ड्राइव खेलने की कोशिश की। वह चाहते तो इस गेंद को छोड़ देते। लेकिन शायद हाफ सेंचुरी बनाने के बाद उनमें थोड़ा अति आत्मविश्वास आ गया था। गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और मयंक अग्रवाल ने कैच करने में कोई गलती नहीं की। लंच से पहले शार्दुल ने भारत को एक और कामयाबी दिलाई। उन्होंने रासी वेन डुर डुसां को पंत के हाथों कैच करवाया। हालांकि इस कैच पर विवाद भी हुआ। पहली नजर में लगा कि गेंद ने पंत के दस्तानों में पहुंचने से पहले जमीन पर टप्पा खाया है। ठाकुर ने वेरेने को आउट कर अपने विकेटों का खाता चार तक पहुंचाया। उन्होंने उन्हें LBW किया। बल्लेबाज ने रीव्यू लेने का फैसला किया लेकिन रीप्ले में साफ हो गया कि गेंद विकेटों से टकरा रही है। ठाकुर ने मार्को यानसन को रविचंद्रन अश्विन के हाथों कैच करवाकर अपने खाते में छठा विकेट जोड़ा। गेंद टप्पा खाने के बाद हल्का सा बाहर निकली। बल्लेबाज ने लाइन के अक्रॉस बल्ला घुमाया लेकिन गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और कवर्स पर खड़े अश्विन के हाथों में गई। अश्विन ने दौड़कर आगे आए और उन्होंने आसान सा कैच लपका। लुंगी नगिडी को आउट कर उन्होंने अपने विकेटों की संख्या सात तक पहुंचाई। पंत ने अपने खाते में एक और कैच जोड़ा।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3FTPu61