नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट के एक अधिवक्ता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को सोमवार पत्र लिखकर अनुरोध किया कि गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के कारण पैदा हुआ खतरा समाप्त होने तक की अवधि के लिए स्थगित कर दिए जाएं। वरिष्ठ अधिवक्ता आदिश सी अग्रवाल ने दावा किया कि कोविड-19 की दूसरी लहर बंटवारे के बाद भारत में हुई सबसे भीषण त्रासदी थी और यह स्थिति चार राज्यों- असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल तथा केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए चुनाव के दौरान देश के लोगों की लापरवाही के कारण और गंभीर हो गई थी। उन्होंने पत्र में लिखा, अब कोविड-19 के ओमीक्रोन स्वरूप के मामले बढ़ने और भारत के कई राज्यों एवं कई अन्य देशों में पैदा हुई चिकित्सकीय आपात स्थिति पर गौर किए बिना पांच अन्य राज्यों में तय कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्वाचन आयोग ने चुनाव कराने का फैसला लोगों के नहीं, अपितु राजनीतिक दलों के हितों को ध्यान में रखकर लिया है। अग्रवाल ने पत्र में लिखा है भारत के संविधान का अनुच्छेद 21 जीवन के अधिकार को अनिवार्य बनाता है और कोई भी संवैधानिक प्राधिकरण इस सबसे महत्वपूर्ण अधिकार का उल्लंघन नहीं कर सकता। समय पर चुनाव कराने की राजनीतिक दलों की आकांक्षाएं जीवन के अधिकार से अधिक बड़ी और अहम नहीं हो सकतीं और न ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, मणिपुर, पंजाब और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है और कोविड-19 से निपटने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन चुनावी रैलियों में बड़ी संख्या में लोग कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किए बिना एकत्र हो रहे हैं। पत्र में कहा गया है, कृपया इस बात पर गौर करें कि यदि कोविड-19 के ओमीक्रोन स्वरूप का खतरा समाप्त होने तक इन राज्यों में चुनाव स्थगित नहीं किए जाते हैं, तो केंद्र सरकार और राज्य सरकारों के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद भारत में फिर से लाखों लोग मारे जाएंगे, जैसा कि कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान हुआ था। पत्र में कहा गया है सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आगामी चुनावों को ओमीक्रोन का खतरा समाप्त होने तक स्थगित करने का विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया जाता है।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3sSFpmv