'रॉकेट' रफ्तार से बढ़ रहे कोरोना के मरीज, नए साल से पहले ये तीसरी लहर तो नहीं?

नई दिल्लीकोरोना की तीसरी लहर को लेकर खतरे की घंटी बज गई है। नए साल के आगमन से पहले थर्ड वेव के संकेत मिलने शुरू हो गए हैं। जी हां, दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद में जिस तेजी से कोविड का ग्राफ बढ़ा है, उसने लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। एहतियातन दिल्ली समेत कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू, बस-मेट्रो में यात्रियों की संख्या में कमी जैसे उपाय किए जाने लगे हैं। मुंबई में 24 घंटे में पाबंदियां लग सकती हैं। आइए समझते हैं कोविड की तीसरी लहर के संकेत कैसे मिल रहे हैं? ओमीक्रोन का अलर्ट कोरोना का डेल्टा वेरिएंट पहले से ही देश में मौजूद था, ओमीक्रोन वेरिएंट के आने के बाद मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में भारत में एक दिन में कोविड-19 के 9,195 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना वायरस के नए स्वरूप ‘ओमीक्रोन’ के 781 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 241 लोग ठीक हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए हैं। 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ओमीक्रोन पहुंच चुका है। ऐसे में सबको अलर्ट रहने की जरूरत है। मुंबईवाले सावधान! 7 महीने में सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में मंगलवार को 75 दिन बाद 2,172 कोविड केस आए। मुंबई में सबसे ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। यहां 7 महीने में सबसे ज्यादा 1,333 लोग 24 घंटे में पॉजिटिव आए हैं। राहत की बात यह है कि मौतों की संख्या कम है। मुंबई में एक समेत राज्य में कोरोना से 22 मौतें हुई हैं। मुंबई में कोरोना की तेज स्पीड से डेली पॉजिटिविटी रेट 4 प्रतिशत हो गया है जो 1 दिसंबर के PR से सात गुना ज्यादा है। चिंता की बात यह है कि मई के बाद सिटी में इतना ज्यादा पॉजिटिविटी रेट नहीं था। पिछले दो-तीन दिनों में कई मशहूर फिल्मी हस्तियां भी कोविड पॉजिटिव हुई हैं। आज बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर के साथ-साथ एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले और उनके पति सदानंद सुले भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. राहुल पंडित ने कहा है कि नए वर्ष में कोरोना की तीसरी आने की आशंका बनी हुई थी, लेकिन इसका असर अभी से दिखने लगा है। उधर, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा है कि मुंबई में पॉजिटिविटी दर 4.1 प्रतिशत पर है। अगर ये 5 प्रतिशत के ऊपर जाएगा तब हम पाबंदियां लगाने पर विचार करेंगे। सीएम उद्धव ठाकरे कोविड टास्क फोर्स के साथ एक मीटिंग करने वाले हैं। दिल्ली का हाल, लगाना पड़ा 'मिनी लॉकडाउन' राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां ओमीक्रोन के सबसे अधिक 238 मामले दर्ज किए गए हैं। मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 496 नए मामले सामने आए, जो चार जून के बाद से एक दिन में सामने आए मामलों की सर्वाधिक संख्या है। 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हुई जबकि संक्रमण की दर बढ़कर 0.89 प्रतिशत हो गई। राज्य में कोविड-19 से अब तक कुल 25,107 रोगी दम तोड़ चुके हैं। दिल्ली में इस साल चार जून को कोविड-19 के 523 मामले सामने आए थे और संक्रमण की दर 0.68 प्रतिशत दर्ज की गई थी। उस दिन महामारी से 50 मरीजों की मौत हुई थी। दिल्ली में कोरोना की रफ्तार देख 'मिनी लॉकडाउन' लगाना पड़ा है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने ‘येलो’ अलर्ट की घोषणा की, जिसके बाद स्कूल, कॉलेज, सिनेमा हॉल और जिम बंद कर दिए गए जबकि गैरआवश्यक वस्तुओं की दुकानें ‘सम-विषम’ फॉर्मूले के आधार पर खुलेंगी। दिल्ली मेट्रो और बसें 50 प्रतिशत सीट क्षमता के साथ चल रही हैं। अहमदाबाद में भी तेजी से बढ़े मरीज अहमदाबाद में डेली कोरोना केस में 82 फीसदी की तेजी देखी गई है। सोमवार को यहां 98 केस आए थे, मंगलवार को यह 1.8 गुना बढ़कर 178 हो गए। यह 208 दिन में एक दिन में कोरोना केस की सर्वाधिक संख्या है। इसी तरह पूरे राज्य की बात करें तो गुजरात में सोमवार को 204 केस आए थे, जो मंगलवार को बढ़कर 394 पर जा पहुंचे। इस तरह से 24 घंटे में 93 प्रतिशत की तेजी रिकॉर्ड की गई। कुल केस में 79 फीसदी केस राज्य के आठ बड़े शहरों से हैं। ऐसे समय में सबको अलर्ट रहने की जरूरत है। मास्क अवश्य पहनें। जरूरी होने पर ही बाहर जाएं। मार्केट या भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने की कोशिश करें और हां, ओमीक्रोन को हल्के में न लें। फिलहाल एक्सपर्ट को भी नहीं पता है कि आगे हालात कैसे होंगे। माना जा रहा है कि जनवरी या फरवरी में कोरोना का पीक आ सकता है। जिन राज्यों में केस कम हैं, वहां अगर लापरवाही बढ़ी तो दिल्ली की तरह पाबंदियां लगानी पड़ेंगी। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना के मामले दोगुने हो गए हैं यहां मंगलवार को 80 नए मामले सामने आए। मतलब साफ है खतरा बरकरार है।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3EwfJyd