सेंचुरियन साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मैदान से बाहर जाना पड़ा। गेंदबाजी करते हुए फॉलो-थ्रू में बुमराह का टखना बुरी तरह मुड़ गया। वह मैदान से बाहर इलाज करवाने गए। हालांकि टी से पहले वह मैदान पर लौट आए। यह घटना साउथ अफ्रीका की पारी के 11वें ओवर में हुई। बुमराह अपना छठा ओवर फेंक रहे थे। ओवर की पांचवीं गेंद फेंकने के बाद बुमराह का टखना मुड़ गया और वह नीचे गिर गए। उन्हें काफी दर्द हो रहा था। फिजियो फौरन मैदान पर गए । थोड़ी देर बाद वह मैदान से बाहर गए। बुमराह खड़े हुए और मेडिकल स्टाफ के साथ ग्राउंड के बाहर गए। मोहम्मद सिराज ने ओवर की आखिरी गेंद फेंकी। अगले ओवर में जब टीवी पर बुमराह दिखाई दिए तो 28 वर्षीय इस गेंदबाज के टखने पर बड़ी पट्टी बंधी हुई थी। वह डग आउट में चोट का इलाज करवा रहे थे। बुमराह ने भारत को मैच में पहली कामयाबी दिलवाई थी। उन्होंने डील एल्गर का विकेट लिया था। इस पारी में उन्होंने अभी तक 5.5 ओवर फेंके हैं और 12 रन दिए हैं। इस बीच बीसीसीआई ने ट्वीट कर मामले की जानकारी दी है। पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह के दाएं टखने में स्प्रेन हो गया है। मेडिकल टीम उनका ध्यान रख रही है। श्रेयस अय्यर सब्सिट्यूट फील्डिंग कर रहे हैं।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/32G69eK