'मशीन बनते जा रहे हैं गेंदबाज', T20 क्रिकेट पर क्‍यों भड़क गए इयान चैपल?

नई दिल्‍ली ऑस्‍ट्रेलिया के महान क्रिकेटर इयान चैपल ने कहा कि बेहतर बल्लों और छोटे मैदानों से गेंदबाज ‘वर्चुअल गेंदबाजी मशीन’ बनते जा रहे हैं और उन्होंने खेल के सरंक्षकों से टी20 क्रिकेट में खेल और मनोरंजन के बीच संतुलन बनाये रखने के लिये सुधारात्मक कदम उठाये जाने की मांग की। चैपल ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ पर अपने कॉलम में लिखा, 'प्रशासकों को बल्ले और गेंद के बीच आदर्श संतुलन ढूंढने और प्रशसंकों को क्रिकेट के महत्व के बारे में शिक्षित करने की जरूरत है।' चैपल ने कहा कि हाल ही में खत्‍म हुए T20 वर्ल्‍ड कप में ज्‍यादातर टीमें चेज करने की कोशिश कर रही थीं क्‍योंकि टॉस से बड़ा ऐडवांटेज मिल रहा था। उन्‍होंने कहा, 'सिक्‍का उछालने में जीत हासिल करो और मैच जीतो', वर्ल्‍ड कप ऐसा ही इवेंट बन गया था। पूर्व ऑस्‍ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, 'जब बल्ले के बीच में लगकर गेंद स्टैंड में चली जाती हैं तो ठीक है लेकिन एक गेंदबाज को तब काफी गुस्सा होना चाहिए जब एक गलत हिट गेंद रस्सियों के पार चली जाती है।' उनका मानना है, 'यह समस्या ऑस्‍ट्रेलिया के बड़े मैदानों पर इतनी ज्यादा नहीं है।' 'गेंदबाजों को उकसाया जा रहा'उन्होंने लिखा, 'लेकिन पता नहीं किस ‘जीनियस’ ने बेहतर बल्ले और छोटे मैदानों का अजीब संयोजन तैयार किया है। यह संयोजन गेंदबाजों को ‘वर्चुअल बॉलिंग मशीन’ बना रहा है। यह अच्छे गेंदबाजों के लिये गंभीर मुद्दा है और इसे तुंरत ठीक करने की जरूरत है।' चैपल ने कहा, 'जब गेंदबाजों को जानबूझकर नियमों द्वारा स्टंप के बाहर गेंद फेंकने के लिये उकसाया जाता है ताकि वे बड़े शॉट से बच सके, तो यह चीज खेल की अहमियत को कम कर देती है।' पूर्व क्रिकेटर ने कहा, 'क्रिकेट से मनोरंजन की जरूरत है लेकिन साथ ही इसे इसकी जड़ों से मजबूत जुड़ाव के साथ बनाये रखना चाहिए। प्रशासकों को खेल के भविष्य की योजना बनाते समय इस अहम बिंदु को भी याद रखने की जरूरत है।'


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3Fzw8Td