नई दिल्ली पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने कानपुर टेस्ट की पहली पारी में अजिंक्य रहाणे के शॉट सिलेक्शन पर सवाल खड़े किए। न्यूजीलैंड खिलाफ कानपुर टेस्ट में कप्तान कर रहे रहाणे सिर्फ 35 रन बनाकर आउट हो गए। रहाणे अपनी खराब फॉर्म के चलते कुछ समय से निशाने पर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज रहाणे के करियर के लिए काफी अहम हो सकती है। भारत को इस सीरीज के बाद साउथ अफ्रीका का दौरा करना है। और रहाणे के लिए इस सीरीज में रन बनाना बहुत जरूरी है। अजिंक्य रहाणे ने शुरुआत अच्छी की और 35 रन बनाए। हालांकि काइल जैमीसन की एक लेंथ बॉल पर वह बोल्ड हो गए। ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को खेलने के चक्कर में वह गेंद को विकेट पर मार बैठे। रहाणे ने जितनी उम्मीद की थी, गेंद उतना नहीं उछली। वीवीएस लक्ष्मण ने स्टार स्पोर्ट्स पर रहाणे के विकेट का आकलन किया। उन्होंने कहा कि रहाणे जो शॉट खेला, इस तरह का शॉट उन्हें साउथ अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया में खेलना चाहिए। लक्ष्मण को यकीन नहीं हुआ कि रहाणे ने इस तरह का शॉट कानपुर के ग्रीन पार्क की पिच पर खेला। उन्होंने कहा, 'इस तरह का शॉट आप साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में खेल सकते हैं। वहां अगर ज्यादा जगह न भी हो तो बाउंस के चलते आप स्क्वेअर खेल सकते हैं। लेकिन कानपुर में ऐसा नहीं कर सकते जहां गेंद पर बिलकुल ही बाउंस नहीं होता। आपको यहां सीधे बल्ले से खेलना चाहिए। आप ऐंगल बल्ले से नहीं खेल सकते।'
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3CMbBJj