IND vs ENG: रोहित के शतक से मजबूत भारत, क्या कोहली खत्म करेंगे शतकों का सूखा?

लंदनभारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट लंदन के ऐतिहासिक द ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है। आज मुकाबले का चौथा दिन है। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (127) की शतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे दिन खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में तीन विकेट पर 270 रन बना लिए थे। स्टंप्स तक कप्तान विराट कोहली 37 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 22 रन और रविंद्र जडेजा 33 गेंदों पर दो चौकों के सहारे नौ बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। इसी स्कोर के आगे भारतीय टीम आज खेलना शुरू करेगी। इससे पहले भारत ने आज बिना विकेट खोए 43 रन से आगे खेलना शुरू किया और लोकेश राहुल 22 रन और रोहित ने 20 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों ने सधी हुई पारियां खेल इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाया और पहले विकेट के लिए 83 रनों की साझेदारी की। राहुल धीरे-धीरे अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन एंडरसन ने विकेट के पीछे कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। राहुल ने 101 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए। दूसरे सत्र में रोहित और चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया और दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 153 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसी के साथ रोहित ने अपना शतक जड़ा जो विदेशी जमीन पर उनके टेस्ट करियर का पहला शतक है। इस बीच, रोहित रॉबिंसन का शिकार बने और यह साझेदारी टूट गई। रोहित ने 256 गेंदों पर 127 रन की अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का जड़ा। रोहित के आउट होने के तुरंत बाद ही पुजारा भी आउट हो गए और तीसरे बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। पुजारा ने 127 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 61 रन बनाए।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3yHb9Kl