पीएम मोदी ने प्रवीण कुमार से की बात, सिल्वर मेडल जीतने पर यूं दी बधाई

नई दिल्लीपीएम नरेंद्र मोदी ने तोक्यो पैरालिंपिक में ऊंची कूद टी64 वर्ग में रजत पदक अपने नाम करने वाले प्रवीण कुमार से फोन पर बात की और उन्हें बधाई दी है। साथ ही मोदी ने उनके हार्ड वर्क की भी सराहना की है। प्रवीण ने एशिया रेकॉर्ड तोड़ते हुए 2.07 मीटर का जम्प कर दूसरा स्थान हासिल किया और भारत को रजत पदक दिलाया। इसके बाद से सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर भी बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था- प्रवीण पर गर्व है जिन्होंने पैरालिंपिक में रजत पदक अपने नाम किया। यह पदक कड़ी मेहनत और अद्वितीय समर्पण का नतीजा है। उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं। दूसरी ओर, महान क्रिकेटर सचिन ने कहा, ‘रजत पदक जीतने और पुरुष ऊंची कूद टी44 क्लास में एशियाई रेकॉर्ड तोड़ने पर प्रवीण को बधाई।’ प्रवीण अपने पहले प्रयास में 2.07 मीटर के मार्क को हासिल नहीं कर सके थे। हालांकि, उन्होंने आसानी से दूसरे प्रयास में इसे हासिल किया। ओलिंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय ऐथलीट अभिनव बिंद्रा ने कहा, ‘वह सिर्फ 18 साल के हैं और पैरालिंपिक पदक विजेता बन गए हैं। ऊंची कूद टी44 इवेंट में रजत जीतने पर बधाई प्रवीण।’ भारतीय पैरालिंपिक समिति की अध्यक्ष और 2016 रियो पैरालिंपिक की रजत पदक विजेता दीपा मलिक ने भी प्रवीण को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/38CEnzv