नई दिल्लीकांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में 9 सदस्यीय समिति का गठन किया जो ‘राष्ट्रीय मुद्दों पर सतत आंदोलन’ के लिए योजना बनाएगी। समिति में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, लोकसभा सांसद उत्तम कुमार रेड्डी, राज्यसभा के सदस्य रिपुन बोरा, मनीष चतरथ और बी. के. हरिप्रसाद शामिल हैं। पार्टी की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने 9 सदस्यीय समिति का गठन किया है जिसके अध्यक्ष सिंह होंगे। इसमें बताया गया कि यह समिति तत्काल प्रभाव से ‘राष्ट्रीय मुद्दों पर सतत आंदोलन के लिए योजना बनाएगी।’ कांग्रेस नेता उदित राज, रागिनी नायक और जुबैर खान को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। कुछ दिन पहले ही कांग्रेस सहित 19 राजनीतिक दलों ने घोषणा की थी कि वे 20 सितंबर से 30 सितंबर तक देश भर में संयुक्त धरना-प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के मूल्यों में बढ़ोतरी, संपत्ति के मौद्रीकरण की योजना और कृषि कानून जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर लगातार हमला कर रही है।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3kGSiKA