मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेस-वे के प्रस्ताव को योगी सरकार ने दी मंजूरी, 36,230 करोड़ आएगी लागत

लखनऊ उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गुरुवार को गंगा एक्सप्रेस वे के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। के निर्माण में कुल 36 हजार 230 करोड़ की लागत आएगी। राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को एक हजार अरब डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में एक्सप्रेस-वे के जाल का बड़ा योगदान होगा। गंगा एक्सप्रेस-वे किसी राज्य के माध्यम से तैयार हो रहा देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे होगा। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए अब तक 92.02 प्रतिशत भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। इसके लिए टेंडर दस्तावेज निकाल रहे हैं। सिंह ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे छह लेन का होगा जिसे आठ लेन तक बढ़ाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके अंदर चार पैकेज हैं। हर पैकेज की लागत 5000 से लेकर 5800 करोड़ रुपए तक होगी। उनके मुताबिक टेंडर की संपूर्ण प्रक्रिया 60 दिनों के अंदर पूरी की जाएगी और आज कैबिनेट में इसका संपूर्ण अनुमोदन दिया है ताकि बार-बार चीजों पर विचार न करना पड़े और इसे विकसित करने का काम तेजी से हो सके। पीपीपी मॉडल पर होगा गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण सिंह ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण निजी सार्वजनिक भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल पर होगा। इस एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। इस पर हवाई पट्टी भी रहेगी और मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसके ऊपर औद्योगिक क्लस्टर कहां-कहां बनेंगे यह स्‍पष्‍ट कर दिया जाएगा। एक्सप्रेस-वे पर जन सुविधाओं के लिए भी नौ जगह प्रावधान किया गया है। भविष्य में इसे और बढ़ाया जाएगा। 36230 करोड़ रुपए आएगी लागत यूपी सरकार के प्रवक्‍ता ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना पर सिविल और निर्माण की अनुमानित कुल लागत 36230 करोड़ रुपए है। सिविल निर्माण पर 19754 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि इस पर 2371 करोड़ की जीएसटी भी है। यह कुल मिलाकर 22125 करोड़ हो जाता है और भूमि की खरीद के लिए 9255 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। ललितपुर में एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी सिंह ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में ललितपुर में एक एयरपोर्ट बनाने के सिलसिले में भी अलग-अलग पहलुओं पर अनुमोदन दिया गया। उन्होंने कहा कि ललितपुर में राज्य का एक हवाई अड्डा तैयार किया जा रहा है जो पहले चरण में छोटे विमानों के लिए होगा और आने वाले समय में उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाया जाएगा क्योंकि वहां रक्षा गलियारा (डिफेंस कॉरीडोर) बन रहा है साथ ही वहां ‘ड्रग पार्क’ भी तैयार हो रहा है। उन्होंने बताया इसके मद्देनजर यह हवाई अड्डा बहुत महत्वपूर्ण हो जाएगा।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/2WFXfLT