चंद्रमा के कक्ष में चंद्रयान-2 ने 9 हजार चक्कर पूरे किए, 2 साल होने पर इसरो ने जारी किए आंकड़े

बेंगलुरु (इसरो) ने चंद्रमा के कक्ष में चंद्रयान-2 के दो वर्ष पूरे होने पर सोमवार को चंद्र विज्ञान कार्यशाला 2021 का उद्घाटन किया। इसरो के अध्यक्ष के. सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 ने अबतक चंद्रमा के चारों ओर 9 हजार से अधिक बार चक्कर लगा चुका है। इस दौरान उन्होंने चंद्रयान-2 के कक्ष पेलोड का डेटा भी जारी किया। इसरो के अध्यक्ष ने कहा कि चंद्रयान-2 के आठ पेलोड चंद्रमा पर सुदूर संवेदी और अवस्थिति प्रौद्योगिकी के माध्यम से वैज्ञानिक प्रयोग कर रहे हैं। इसरो ने कहा कि वैज्ञानिक आंकड़े शिक्षा जगत एवं संस्थानों के विश्लेषण के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि चंद्रयान-2 मिशन में और अधिक वैज्ञानिक भागीदारी हो सके। इसरो की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला को एजेंसी की वेबसाइट और फेसबुक पेज पर लाइव दिखाया जा रहा है, ताकि छात्र, शिक्षा जगत और संस्थानों तक यह पहुंच सके। साथ ही चंद्रयान-2 के डेटा का वैज्ञानिक समुदाय विश्लेषण कर सके। इसके अलावा चंद्रयान-2 मिशन, निगरानी, अभियान और डेटा संग्रहण के पहलुओं पर भी व्याख्यान होंगे। इसरो के एपेक्स साइंस बोर्ड के अध्यक्ष ए. एस. किरण कुमार ने कहा कि चंद्रयान-2 उपग्रह से ली गई तस्वीरों एवं वैज्ञानिक उपकरणों ने शानदार आंकड़े मुहैया कराए हैं। 'ऑर्बिटर के सभी सिस्टम अच्छा काम कर रहे' वहीं, चंद्रयान-2 की परियोजना निदेशक वनिता एम ने कहा कि ऑर्बिटर के सभी सब-सिस्टम अच्छा काम कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हम अंतरिक्ष यान से कई और वर्षों तक अच्छा डेटा प्राप्त कर सकते हैं। वनिता ने कहा कि ऑर्बिटर के इमेजिंग पेलोड टीएमसी-2 (टेरेन मैपिंग कैमरा -2), आईआईआरएस (इमेजिंग आईआर स्पेक्ट्रोमीटर) और ओएचआरसी (ऑर्बिटर हाई रेजोल्यूशन कैमरा) ने हमें चंद्रमा की लुभावनी तस्वीरें भेजी हैं।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3BGbMFS