कोलंबोभारत की सफेद गेंद की टीम के अस्थायी कप्तान शिखर धवन ने शनिवार को कहा कि अगर कप्तान विराट कोहली या कोच रवि शास्त्री के दिमाग में आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले कोई विशेष खिलाड़ी है तो टीम प्रबंधन निश्चित रूप से इस बात का ध्यान रखेगा। धवन श्रीलंका के खिलाफ छह मैचों की सीमित ओवर की सीरीज के लिए युवा टीम (जिसमें छह अनकैप्ड खिलाड़ी हैं) की अगुआई करेंगे जो 17 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने का अंतिम मौका होगा। धवन ने रविवार को शुरुआती वनडे से पहले कहा, ‘मेरी विराट या रवि भाई से कोई विशेष चर्चा नहीं हुई है। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि उन्होंने राहुल भाई और चयनकर्ताओं से निश्चित रूप से कुछ चर्चा की होगी और मुझे यकीन है कि हमें यह संदेश बताया जाएगा।’ इस अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने कहा, ‘जो भी इस सीरीज में खेलेगा, वो टी20 विश्व कप को ध्यान में रखेगा। निश्चित रूप से अगर चयनकर्ता, रवि भाई या विराट के दिमाग में कोई खिलाड़ी होगा तो हम उस खिलाड़ी को खिलाएंगे क्योंकि यह अच्छा मंच है। अगर आप विश्व टी20 से पहले किसी खिलाड़ी को देखना चाहते हैं तो आपके पास सिर्फ यही सीरीज है।’ धवन ने हालांकि अंतिम एकादश का खुलासा नहीं किया लेकिन बताया कि उन्होंने सीरीज में उनके सलामी जोड़ीदार पर फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘हमने मेरे सलामी जोड़ीदार और टीम पर भी फैसला कर लिया है जिसका खुलासा हम कल करेंगे।’ कोच राहुल द्रविड़ की तरह उन्होंने भी कहा कि कोई नियम नहीं है कि उन्हें इस सीरीज में प्रत्येक खिलाड़ी को आजमाना ही होगा। उन्होंने कहा, ‘नहीं, हमने फैसला नहीं किया है कि हम कितने खिलाड़ियों को और किन किन को खिलाएंगे।’
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/2UlegcU