द्रविड़ को मिले दो असिस्टेंट, भारत के श्रीलंका दौरे पर देंगे कोचिंग में साथ

नई दिल्ली टी. दिलीप और पारस म्हाम्ब्रे मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ कोचिंग स्टाफ के सदस्य के तौर पर श्रीलंका दौरे पर जाएंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टीम के श्रीलंका दौरे पर द्रविड़ मुख्य कोच होंगे जबकि दिलीप फील्डिंग तथा पारस गेंदबाजी कोच के रूप में दौरे पर टीम के साथ जाएंगे। द्रविड़ और पारस के होने की उम्मीद थी, लेकिन दिलीप का सहायक स्टाफ में होना थोड़ा आश्चर्यचकित रहा। दिलीप इससे पहले इंडिया ए के साथ जुड़े थे। इस दौरे पर जाने वाली 20 सदस्यीय टीम पांच नेट गेंदबाजों के साथ सोमवार से मुंबई में क्वारंटीन में रहेगी और उम्मीद है कि टीम 27 जून को श्रीलंका के लिए रवाना होगी। श्रीलंका क्रिकेट के सूत्र के अनुसार, टीम श्रीलंका पहुंचने पर तीन दिनों का क्वारंटीन पीरियड पूरा करने के बाद अभ्यास कर सकती है। टीम के लिए कोई अभ्यास मैच का कार्यक्रम तय नहीं किया गया है लेकिन बीसीसीआई और श्रीलंका क्रिकेट ने कोलंबो में इंट्रा स्क्वॉड मैच की व्यवस्था की है। इस सीरीज के सभी छह मुकाबले कोलंबो के आर प्रेमादास इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।


from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3gq5eSW