नई दिल्लीश्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम की अगुआई की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शुक्रवार को कहा कि यह मौका दिया जाना उनके लिए सम्मान की बात है। भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर 13 जुलाई से तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेलेगी जो कोलंबो में खेल जाएंगे। चयनकर्ताओं ने गुरुवार को श्रीलंका सीरीज के लिए कई नए चेहरों को चुना क्योंकि मुख्य टीम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों के लिए ब्रिटेन में होगी। धवन ने ट्वीट किया, ‘देश की अगुआई का मौका दिए जाने से सम्मान महसूस कर रहा हूं। आप सभी की शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया।’ पैंतीस साल के इस खिलाड़ी ने 34 टेस्ट, 145 वनडे और 65 टी20 मैच खेले हैं। भुवनेश्वर कुमार को उप कप्तान नियुक्त किया गया। सीरीज के लिए पांच खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया जिसमें के गौतम, देवदत्त पडीक्कल, नीतीश राणा, ऋतुराज गायकवाड़ और चेतन सकारिया शामिल हैं।
from Sports News in Hindi: Latest Hindi News on Cricket, Football, Tennis, Hockey & more | Navbharat Times https://ift.tt/3gaviCG