नई दिल्ली भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 2.57 लाख नए मामले आए हैं। इसी के साथ संक्रमण के रोज आने वाले मामले लगातार छठे दिन तीन लाख से नीचे रहे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि संक्रमण के नए मामलों के साथ ही देश में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 2,62,89,290 हो गए हैं। मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में इस महामारी से 4,194 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की कुल संख्या 2,95,525 हो गई है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 29,23,400 रह गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 11.12 प्रतिशत है। राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 87.76 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, इस संक्रामक रोग से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,30,70,365 हो गई है जबकि मृत्यु दर 1.12 प्रतिशत है। देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के आंकड़े को पार गए थे। वहीं, 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 21 मई तक कुल 32,64,84,155 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई। इनमें से 20,66,285 नमूनों की जांच शुक्रवार को की गई।
from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi, coronavirus vaccine latest news update https://ift.tt/3ub2PQP