पायलट लौटे, अब सत्र में गहलोत को कैसी चुनौती?

जयपुर राजस्थान के मुख्यमंत्री से बगावत करने वाले विधायकों की 'घर वापसी' के बाद यूं तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर मंडरा रहा संकट टल गया है लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है। जिस विधानसभा सत्र को जल्द से जल्द बुलाने के लिए मुख्यमंत्री गहलोत ने राजभवन के घेराव की 'धमकी' दी थी, 14 अगस्त को आहूत होने जा रहा है। अब तक इसी दिन गहलोत सरकार के फ्लोर टेस्ट की अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन अब पायलट की वापसी के बाद शायद इसकी जरूरत नहीं होगी। हालांकि, राज्यपाल ने एक आदेश जारी कर 15वीं राजस्थान विधानसभा का पांचवां सत्र शुक्रवार सुबह 11 बजे आहूत किया है। इस बाबत विधानसभा सचिवालय के सचिव प्रमिल कुमार माथुर की ओर से राजस्थान राजपत्र में अधिसूचना भी प्रकाशित कराई गई है। इसलिए फ्लोर टेस्ट नहीं होगा! गुट के लौटने के बाद गहलोत सरकार को अब कोई खतरा नहीं है। दरअसल, गहलोत सरकार अब तक कुल 102 विधायकों के समर्थन का दावा कर रही थी लेकिन पायलट खेमे के लौटने से अब 124 विधायकों को समर्थन हासिल हो गया है। पायलट खेमे में 19 कांग्रेस और 3 निदर्लीय विधायक बताये गए थे। ऐसे में अब गहलोत सरकार के अल्पमत में न होकर बहुमत की संख्या की जरूरत से 23 विधायक अधिक हैं। बीजेपी ने बदली रणनीति, 14 को इन मुद्दों पर होगी बहस सरकार पर मंडराए काले बादल छंट जाने के बाद अब बीजेपी इस सत्र में जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोलने वाली है। विपक्ष की ओर से इस सत्र में होटल से सरकार चलाने के दौरान जनता की अनदेखी के साथ, बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, किसानों की कर्जमाफी जैसे कई मुद्दे उठाए जा सकते हैं। हालांकि, सदन में पार्टी का क्या रुख रहने वाला है इसका फैसला गुरुवार सुबह होने वाली विधायक दल की बैठक में ही होगा। कोरोना संक्रमण की चिंता से नहीं बुला रहे थे सत्र, अब इसी पर होगी चर्चा राज्यपाल कलराज मिश्र ने कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए सरकार के जल्द विधानसभा सत्र बुलाने के प्रस्ताव को लौटाया था लेकिन अब सरकार पर संकट टलने के बाद इसी मुद्दे पर बहस होगी। बुधवार रात को खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा है कि, '14 अगस्त को विधानसभा शुरू हो रही है,मुझे उम्मीद है इस दौरान प्रदेश में कोरोना की स्थिति, लॉकडाउन के बाद में आर्थिक रूप से जो स्थिति बनी है उसे लेकर खुलकर चर्चा कर सकेंगे। मुझे विश्वास है सुशासन देने में पक्ष-विपक्ष सभी का सहयोग मिलेगा, प्रदेश की जनता में नया कॉन्फिडेंस पैदा होगा।' विधानसभा सत्र से पहले जैसलमेर से जयपुर लौटे कांग्रेस विधायकपिछले एक महीन से बाड़ाबंदी में रह रहे कांग्रेस और उसके समर्थक विधायक बुधवार दोपहर को जैसलमेर से जयपुर पहुंचे। पिछले कई दिन से इन्हें जैसलमेर के एक होटल में ठहराया गया था। अब उन्हें एक उड़ान से बुधवार दोपहर यहां जयपुर लाया गया। फिलहाल विधानसभा सत्र तक उन्हें जयपुर में भी एक होटल में ही रोका गया है। इस संबंध में परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा है कि विधायक उसी होटल में जा रहे हैं जहां वे पहले रुके थे। वहीं पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/33SJJpb