राजस्थान में अविश्वास प्रस्ताव पर क्यों अड़ी BJP

जयपुर राजस्थान में लगभग एक महीने से जारी सियासी खींचतान के बाद विधानसभा का सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। मुख्य विपक्षी दल , सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी, जिसमें जनता के मुद्दे उठाएं जाएंगे। अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की घोषणा के बीच विधानसभा का यह सत्र काफी हंगामेदार रहने की संभावना है। विधानसभा सत्र शुरू होने से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को सत्तारूढ़ व उसके सहयोगी दलों के विधायकों की बैठक हुई तो बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने भी बैठक की। कांग्रेस ने अपने दो विधायकों विश्वेंद्र सिंह और भंवरलाल शर्मा का निलंबन रद्द कर दिया। लेकिन दिन की सबसे महत्वपूर्ण घटना पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात रही। लगभग एक महीने की सियासी खींचतान का एक तरह से पटाक्षेप करते हुए दोनों नेता मुख्यमंत्री निवास में मिले। सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा: गुलाब चंद कटारिया इससे पहले बीजेपी की विधायक दल में पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का फैसला किया। बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि विधानसभा के शुक्रवार से शुरू हो रहे सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। कटारिया ने कहा, "हम अपनी तरफ से अविश्वास प्रस्ताव लेकर आ रहे हैं। हमने अपने प्रस्ताव में उन सारे बिंदुओं को लिया है जो आज राजस्थान में ज्वलंत हैं।" 'बागी' विधायक विश्वेंद्र सिंह और भंवर लाल शर्मा का कांग्रेस ने किया निलंबन रद्दसुबह मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्वीट किया कि "हमें फॉरगेट एन्ड फॉरगिव, आपस में भूलो और माफ करो और आगे बढ़ो की भावना के साथ लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में लगना है।" इसके बाद कांग्रेस ने गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले विधायक विश्वेंद्र सिंह और भंवर लाल शर्मा का निलंबन रद्द कर दिया। संगठन महासचिव और राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे ने ट्वीट कर कहा कि व्यापक विचार विमर्श के बाद इन दोनों विधायकों का निलंबन रद्द किया गया है। शाम में पायलट मुख्यमंत्री निवास पहुंचे और मुख्यमंत्री गहलोत से मिले। बैठक में गहलोत व पायलट के साथ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे व पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री निवास में हुई जिसमें गहलोत, पायलट के साथ साथ कांग्रेस व उनके समर्थक विधायक भी शामिल हुए। विधानसभा का सत्र 11 बजे से होगा शुरू इस बीच अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा सत्र को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधानसभा सूत्रों ने बताया कि 15वीं राजस्‍थान विधानसभा का पांचवां सत्र शुक्रवार 14 अगस्‍त को 11 बजे से होगा। इसमें कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को ध्‍यान में रखते हुए विधानसभा में पुख्‍ता व्‍यवस्‍थाएं की गई हैं। इस बार विधानसभा सत्र के दौरान दर्शक, विशिष्‍ट और अध्‍यक्ष दीर्घा के लिए प्रवेश पत्र नहीं बनाए जाएंगे। विधानसभा के एंट्री गेट पर लगाई गईं सैनिटाइज मशीन राजस्‍थान विधानसभा के सचिव प्रमिल कुमार माथुर ने बताया कि प्रवेश द्वारों पर हाथ धोने और सैनिटाइज किए जाने वाली मशीनें पर्याप्‍त संख्‍या में लगाई गई है। चार पहिया वाहन को भी विधानसभा परिसर में प्रवेश करते ही सैनिटाइज मशीन से निकालना होगा। उन्‍होंने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए अपनाई जाने वाली सभी सावधानियों को दृष्टिगत रखते हुए विधानसभा सत्र के लिए आवश्‍यक व्‍यवस्‍थाएं पूरी कर ली गई हैं।


from India News: इंडिया न्यूज़, India News in Hindi, भारत समाचार, Bharat Samachar, Bharat News in Hindi https://ift.tt/31LTVxe